होम | रोज़नामचा | कविताएँ | कहानियाँ | विचार | ज्योतिष | लेखक

Monday, 27 April 2026

तुम—शेड्स के नामों में

 तुम—शेड्स के नामों में

तुम्हारे मेकअप बॉक्स में
सिर्फ लिपस्टिक नहीं रखी,
जैसे छोटे-छोटे मौसम रखे हों
नामों में बँधे हुए।
रोज़ पिंक,
जब तुम बिना वजह हल्की-सी हँसती हो
जैसे सुबह ने अभी-अभी आँखें खोली हों।
कोरल क्रश,
जब तुम्हारी बातों में
थोड़ी-सी शरारत घुल जाती है।
न्यूड बेज,
उन दिनों के लिए
जब तुम बस खुद रहना चाहती हो
बिना किसी शोर के।
मॉव मिस्ट,
जब शाम तुम्हारी आँखों में उतर आती है,
और शब्द कहीं पीछे छूट जाते हैं।
क्रिमसन रेड,
तुम्हारी खामोशी का वो रंग
जिसमें बहुत कुछ जलता है,
पर दिखता नहीं।
बेरी ब्लश,
जब तुम अचानक से
कुछ याद करके मुस्कुरा देती हो।
पीच पॉप,
हल्की धूप-सा
तुम्हारा वो सहज उजास।
ब्रिक ब्राउन,
जब तुम खुद को
थोड़ा-सा समेट लेती हो,
दुनिया से एक कदम पीछे।
वाइन प्लम,
रात के उन पलों में
जब तुम्हारी आँखें
कुछ ज़्यादा गहरी हो जाती हैं।
और फिर
तुम्हारा वो
मूंगिया शेड,
जिसका कोई ब्रांड नाम नहीं,
कोई नंबर नहीं
बस तुम हो उसमें,
पूरा की पूरा।
तुम हर दिन
इन नामों में से एक चुनती हो,
और मैं
हर दिन
एक नया अर्थ पढ़ता हूँ।
पर सच कहूँ
इतने सारे शेड्स के बावजूद,
मेरी दुनिया
एक ही नाम पर आकर रुक जाती है—
तुम।
मुकेश ,,,,,,,,,,,

No comments:

Post a Comment