होम | रोज़नामचा | कविताएँ | कहानियाँ | विचार | ज्योतिष | लेखक

Friday, 3 April 2026

धर्म और मोबाइल का संवाद

 धर्म और मोबाइल का संवाद


मोबाइल!

मैं तुमसे कुछ कहना चाहता हूँ

तुम बुरा मत मानना

क्योंकि आजकल

तुम ही सबसे बड़े पुजारी बन बैठे हो…


मोबाइल (हँसकर):


धर्म जी!

समय बदल गया है

अब लोग

मंदिर कम

मुझे ज़्यादा खोलते हैं…


धर्म:


पहले लोग

सुबह उठकर

मेरा नाम लेते थे


अब उठते ही

तुम्हारा पासवर्ड डालते हैं…


मोबाइल:


क्या करूँ?

मैं हमेशा साथ रहता हूँ

आप तो

कभी-कभी ही याद आते हैं…


धर्म (थोड़ा उदास):


पहले लोग

मेरे लिए उपवास रखते थे

मन को साफ़ करते थे


अब

तुम्हारे लिए

नेट पैक रिचार्ज करते हैं…


मोबाइल (मुस्कुराकर):


लेकिन देखिए

मैंने आपको खत्म नहीं किया


मैंने आपको

HD में ला दिया

4K में दिखा दिया

लाइव कर दिया…


धर्म:


हाँ…

तस्वीर साफ़ हो गई है

लेकिन नीयत

थोड़ी धुंधली हो गई है…


मोबाइल:


अब लोग

आपको सुनते हैं

वीडियो में

रील्स में

शॉर्ट्स में


कम समय में

ज़्यादा ज्ञान…


धर्म:


ज्ञान छोटा नहीं होता

समझ छोटी हो जाती है…


मोबाइल (थोड़ा चुप):


लोग अब

आपके लिए लड़ते भी हैं

मेरे प्लेटफॉर्म पर


कमेंट्स में

गालियाँ देते हैं

आपके नाम पर…


धर्म (गहरी सांस लेकर):


पहले

लोग मुझे जीते थे

अब

लोग मुझे साबित करते हैं…


मोबाइल:


तो क्या करूँ मैं?

मैं तो सिर्फ

दिखाता हूँ

जो लोग देखना चाहते हैं…


धर्म:


और मैं

वो दिखाता हूँ

जो लोग देखना नहीं चाहते…


मोबाइल:


तो फिर

हम दोनों में फर्क क्या है?


धर्म:


तुम

बाहर की दुनिया हो

मैं

अंदर की…


तुम

ध्यान भटकाते हो

मैं

ध्यान लगाता हूँ…


मोबाइल (धीरे से):


क्या हम

साथ नहीं रह सकते?


धर्म (मुस्कुराकर):


रह सकते हैं…


अगर तुम

शोर कम कर दो

और मैं

अहंकार…


धर्म और मोबाइल


दोनों साथ हों

तो इंसान

जुड़ा हुआ भी रहेगा

और जगा हुआ भी…


मुकेश ,,,,,,,,

No comments:

Post a Comment