प्रेम का मौसम विभाग
आज मौसम विभाग ने
एक विशेष चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में
अचानक प्रेम की वर्षा हो सकती है।
लोगों को सलाह दी जाती है
कि वे
अपने पूर्वाग्रह घर के भीतर रखें।
जाति, धर्म और नफ़रत के छाते
तेज़ हवा में उड़ सकते हैं।
कुछ क्षेत्रों में
आँखें भीगने की संभावना है।
कई जगह
पुराने घावों पर
हरे अंकुर निकल सकते हैं।
उधर चैनलों पर
विशेषज्ञ बहस कर रहे हैं
कि प्रेम
प्राकृतिक आपदा है
या विदेशी साज़िश।
इधर
एक बच्चा
बारिश में भीगते हुए
चुपचाप मुस्कुरा रहा है।
मुकेश ,,,,,,,,
No comments:
Post a Comment