नज़्म -11 -जिस दीवार पर कोई नाम नहीं
जिस दीवार पर कोई नाम नहीं
मैंने किसी क़िले की दीवार पर किसी का नाम नहीं खोदा।
न किसी पेड़ के तने पर, न किसी पुरानी ईंट पर, न किसी सड़क के किनारे बैठी पत्थर पर।
लोग कहते हैं, जब मोहब्बत होती है तो आदमी अपने नाम के साथ किसी और का नाम लिख देता है। वह सोचता है कि पत्थर बोलता नहीं, पर उसके ऊपर खोदा गया नाम सदियों तक बोलता रहेगा। वह सोचता है कि पेड़ बढ़ता जाएगा, और उसके तने में उतरा हुआ नाम भी उसके साथ बढ़ता जाएगा।
मैंने भी एक बार चाहा था।
एक पेड़ था, हमारे मोहल्ले के पीछे।
उसका तना मोटा था, उसकी छाल पर बारिशों के निशान थे। उसके नीचे एक पत्थर था, जिस पर बैठकर लोग देर तक बातें करते थे। मैं भी कई शामें वहीं बैठा था। तुम्हारी बातें सुनता था, तुम्हारी हँसी सुनता था, और कभी-कभी तुम्हारी चुप्पी भी।
उस दिन मेरे जेब में एक छोटी चाबी थी।
उससे पेड़ की छाल पर एक रेखा खींची थी।
फिर एक और।
फिर तीसरी।
मैंने सोचा था कि तुम्हारे नाम का पहला अक्षर लिख दूँगा। बस पहला अक्षर। उसके बाद शायद मुझे हिम्मत न होती। मगर जब चाबी छाल को छूने लगी, तो मैंने उसे रोक दिया।
मैंने सोचा, पेड़ ने मुझसे क्या कहा है?
उसने मुझसे अपना नाम नहीं माँगा।
उसने मुझसे अपनी छाल नहीं माँगी।
उसने मुझसे यह भी नहीं कहा कि मैं उस पर कोई निशान छोड़ दूँ।
वह बस खड़ा था।
और मैं उसके नीचे बैठा था।
शायद मोहब्बत का पहला सबक़ यही है—किसी को अपना बनाने की ज़रूरत नहीं होती। किसी का नाम लेने के लिए उसे पत्थर पर खोदना नहीं पड़ता। किसी को अपना कहने के लिए उसकी आज़ादी छीननी नहीं पड़ती।
मैंने चाबी जेब में रख ली।
तुमने पूछा था—क्या लिख रहे हो?
मैंने कहा था—कुछ नहीं।
तुम हँसी थीं।
तुम्हें लगा होगा कि मैं शरमा गया हूँ।
मगर सच यह था कि मैं तुम्हारे नाम को किसी दीवार के हवाले नहीं करना चाहता था। दीवारें टूटती हैं। पेड़ काट दिए जाते हैं। पत्थर बिखर जाते हैं। और जो नाम उन पर लिखा जाता है, वह एक दिन किसी अनजान की उँगली के नीचे दब जाता है।
मैं तुम्हारे नाम को ऐसी जगह रखना चाहता था, जहाँ बारिश न पहुँचे।
मगर बाद में समझ आया कि ऐसी कोई जगह नहीं होती।
जो भीतर बसता है, वह भी बदल जाता है।
जो याद बन जाती है, वह भी धुँधली पड़ जाती है।
जो चेहरा दिल में रहता है, वह भी कभी-कभी पहचाना नहीं जाता।
फिर भी मैंने कुछ नहीं लिखा।
शायद इसलिए कि मैं तुम्हें किसी निशाने में क़ैद नहीं करना चाहता था। तुम एक नाम नहीं थीं। तुम एक आवाज़ थीं, एक अंदाज़ थीं, एक शाम थीं, एक अधूरी बात थीं। तुम्हें किसी अक्षर में बाँधना मेरे लिए तुम्हें छोटा कर देना था।
और मैं तुम्हें कभी छोटा नहीं करना चाहता था।
आज वह पेड़ शायद वहीं है।
या शायद उसकी जगह कोई नया पेड़ उगा है। उसकी जड़ों में शायद पुराने पेड़ की कोई जड़ बची हो। मैं नहीं जानता। मैं वहाँ बहुत कम जाता हूँ। जाता हूँ तो उस पत्थर पर बैठ जाता हूँ और देखता हूँ कि छाल पर कोई नाम नहीं है।
न मेरा।
न तुम्हारा।
और यही बात मुझे अजीब-सी ख़ुशी देती है।
क्योंकि कुछ मोहब्बतें लिखी नहीं जातीं।
वे चुपचाप जी ली जाती हैं।
वे किसी दीवार पर नहीं रहतीं, किसी पेड़ के तने पर नहीं रहतीं। वे उस वक़्त रहती हैं, जब कोई पुराना गीत सुनाई देता है। जब बारिश की पहली बूँद ज़मीन पर गिरती है। जब कोई अनजान लड़की उसी तरह सिर झुकाकर चलती है। जब कोई आवाज़ कहती है—“क्या लिख रहे हो?” और तुम जवाब देते हो—“कुछ नहीं।”
मैंने किसी क़िले की दीवार पर किसी का नाम नहीं खोदा।
मगर शायद इसीलिए वह नाम मेरे भीतर ज़्यादा देर तक रहा।
क्योंकि जो चीज़ लिख दी जाती है, उसे पढ़ा जा सकता है।
और जो चीज़ लिखी नहीं जाती, उसे कोई पढ़ नहीं सकता।
वह सिर्फ़ महसूस की जाती है।
—मुकेश इलाहाबादी
Comments
Post a Comment