कुछ रिश्ते भस्म नहीं होते
कुछ रिश्ते भस्म नहीं होते
कुछ रिश्ते राख नहीं होते, वे रूह में उतर जाते हैं, लोग बिछड़ भी जाएँ तो अपने होने का असर छोड़ जाते हैं।
हर रिश्ता उम्र भर साथ रहे, यह ज़रूरी नहीं; कुछ रिश्ते बिछड़कर भी हमारे भीतर अपनी जगह बनाए रखते हैं। वक़्त उनकी तस्वीर धुँधली कर देता है, मगर उनसे मिला हुआ थोड़ा-सा हम कभी राख नहीं होता।
कुछ रिश्ते चिता तक पहुँचकर भी पूरी तरह नहीं जलते।
उनके नाम मिट जाते हैं, आवाज़ें ख़ामोश हो जाती हैं, मुलाक़ातों के रास्तों पर वक़्त घास उगा देता है, मगर भीतर कहीं एक छोटा-सा कोना उनके लिए ख़ाली रह जाता है।
न वहाँ कोई इंतज़ार है, न लौट आने की ज़िद, बस कभी-कभी मन उस तरफ़ देख लेता है जैसे कोई पुराना घर अब भी अपनी खिड़की से पहचानता हो गुज़रने वाले को।
मैंने बहुत चाहा कि उन दिनों को पूरी तरह भूल जाऊँ, उन शब्दों को भी जिन्होंने मुझे तोड़ा था, उस ख़ामोशी को भी जिसने बहुत कुछ कह दिया था।
लेकिन अजीब है— दर्द की याद भले बुझ जाए, उससे सीखी हुई करुणा कहाँ बुझती है?
जिसने कभी मेरे भीतर अकेलापन छोड़ा था, उसी के कारण आज किसी अकेले आदमी के पास मैं कुछ देर बैठ जाता हूँ।
जिसकी विदाई ने मुझे शब्दहीन किया था, आज किसी की चुप्पी में मैं बिना पूछे उसका दुख सुन लेता हूँ।
तब समझ आता है— कुछ रिश्ते लौटते नहीं, वे हमारे स्वभाव में रूप बदलकर रहने लगते हैं।
उनकी राख किसी स्मारक में नहीं मिलती, न कोई उसे नदी में बहाता है; वह हमारी नज़र की नरमी में, हमारे व्यवहार की तहज़ीब में, किसी को माफ़ कर देने की अचानक पैदा हुई इच्छा में चुपचाप मिली रहती है।
शायद इसीलिए हर बिछड़ना अंत नहीं होता, और हर साथ रहना रिश्ते का प्रमाण नहीं।
कुछ लोग जीवन से चले जाते हैं, मगर हमें ऐसा मन देकर जाते हैं जो पहले हमारे पास नहीं था।
अब मैं उन रिश्तों को आवाज़ देकर नहीं बुलाता, न उनकी राख से कोई नई आग माँगता हूँ।
मैं बस इतना जानता हूँ— जो कभी सच्चाई से छुआ गया हो, वह हमेशा उसी रूप में नहीं रहता, लेकिन उसका स्पर्श कभी-कभी पूरी उम्र हमारे भीतर साँस लेता है।
और शायद यही रिश्ते का सबसे गहरा रूप है— दो लोग साथ न हों, एक-दूसरे के जीवन में कोई अधिकार न बचा हो, फिर भी एक के होने से दूसरा थोड़ा बेहतर मनुष्य बन गया हो।
ऐसे रिश्तों का अंतिम संस्कार नहीं होता, वे बस अपनी देह छोड़ देते हैं।
उनका प्रेम किसी नाम, किसी वादे, किसी स्मृति का मोहताज नहीं रहता।
वह हमारे भीतर एक ऐसी भस्म बनकर रहता है जिसे समय उड़ा नहीं पाता— क्योंकि वह किसी जली हुई वस्तु का अवशेष नहीं, हमारे भीतर बदल चुके मनुष्य की पहचान है।
मुकेश,,,
Comments
Post a Comment