दुनिया अपनी रफ़्तार से
दुनिया अपनी रफ़्तार से
आज कई दिनों बाद
मैं घर से बाहर निकला।
सड़क वही थी,
जिस पर चलते हुए कभी
अपने ख़यालों में बहुत दूर निकल जाया करता था।
दुकानों के शटर उठ रहे थे,
एक आदमी अपनी साइकिल पर दूध के कनस्तर लटकाए
तेज़ी से गुज़र गया,
चौराहे पर एक बच्चा
अपनी माँ का हाथ छुड़ाकर
किसी खिलौने की दुकान की तरफ़ भागा।
दुनिया अपनी रफ़्तार से चल रही थी।
किसी को मालूम नहीं था
कि मैं कितने दिनों बाद
अपने कमरे से बाहर आया हूँ,
कि मेरे भीतर कितनी रातें
बिना चाँद के गुज़री हैं।
और शायद यही ठीक भी था।
हर आदमी के पास
अपनी-अपनी कहानी है,
अपनी थकान, अपने छोटे-बड़े दुख,
और उन्हें ढोने का अपना तरीक़ा।
चाय की दुकान पर बैठकर
मैंने एक कुल्हड़ चाय मँगाई।
दुकानदार ने पूछा—
“आजकल दिखाई नहीं देते?”
मैं मुस्करा दिया।
कुछ जवाब ऐसे होते हैं
जिन्हें कहने के लिए
बहुत-से शब्द चाहिए होते हैं,
और कुछ मुस्कुराहटें
उनकी जगह काम चला देती हैं।
चाय ख़त्म करके उठा
तो लगा, जैसे कोई विशेष बात नहीं हुई,
लेकिन लौटते हुए
मैंने रास्ते में लगे अमलतास को देखा।
उस पर अभी फूल नहीं आए थे,
फिर भी उसकी शाख़ों पर
नई कोंपलें दिखाई दे रही थीं।
मैं कुछ देर रुका,
फिर आगे बढ़ गया।
अब मुझे हर चीज़ से
कोई अर्थ निकालने की जल्दी नहीं थी।
मुकेश
शायद जीवन में लौटना किसी उत्सव की तरह नहीं होता। कभी बस इतना होता है कि आदमी फिर से सड़क पर चलने लगता है, और सड़क उसे पहचानने का दावा नहीं करती।
Comments
Post a Comment