एक दिन वह फिर आई

 प्रतीक्षा हमेशा किसी बड़े वादे से नहीं बँधती,

कभी किसी छोटी-सी आहट के लौट आने की आदत भी हमें सुबह तक जगाए रखती है।

एक दिन वह फिर आई

आज सुबह
किताब के पन्ने पर कुछ हलचल हुई।

मैंने नज़र उठाई तो देखा,
वह फिर आ गई थी।

वही छोटी-सी चिड़िया,
वही चौकन्नी आँखें,
वही गर्दन घुमाकर
कमरे के कोने-कोने को देखना।

जैसे बीच के दिनों में
कुछ हुआ ही न हो।

वह किताब पर बैठी,
दो बार फुदकी,
फिर अपनी चोंच से
एक पन्ने का कोना उठाने लगी।

मैं मुस्कराया।

कहना तो बहुत कुछ था—
कहाँ चली गई थीं इतने दिन?
क्या तुम्हें मेरी याद आई?
क्या तुम्हारी दुनिया में भी
कभी कोई जगह छूट जाती है?

मगर मैंने कुछ नहीं कहा।

वह चुक-चुक करके
अपनी भाषा में कुछ बोलती रही।
मैं चुपचाप सुनता रहा।

इस बार मैंने उसे रोकने की कोशिश नहीं की,
न हाथ बढ़ाया, न कोई दाना रखा।
बस अपनी कुर्सी पर बैठा रहा
और उसे अपने मन का आकाश नापने दिया।

थोड़ी देर बाद
उसने पंख फैलाए,
कमरे के दो चक्कर लगाए
और खिड़की से बाहर चली गई।

मैंने किताब फिर खोल ली।

पन्ने पर उसकी जगह अब भी ख़ाली थी,
लेकिन आज उस ख़ाली जगह को देखकर
मन में कोई उदासी नहीं आई।

शायद कुछ लौटकर
साथ रहने के लिए नहीं आते,
वे सिर्फ़ यह बताने आते हैं
कि दुनिया में आने-जाने का सिलसिला
अब भी कितना ख़ूबसूरत है।

मुकेश

मैंने पहली बार किसी के चले जाने को उसकी कमी की तरह नहीं, उसकी आज़ादी की तरह देखा।

Comments

Popular posts from this blog

एक मुसाफिर की डायरी से --------------

हरिवंश पुराण - तृतीय खंड — भाग 26 - द्वारका का विस्तार

हरिवंश पुराण - भाग ३० — बाणासुर :