Pages

Saturday 5 May 2012

पहाड़ मेरा दोस्त

23.11.2003
आफिस। मेज के ठीक सामने खिड़की। खिड़की के सामने पहाड़। पहाड़ चुप। मैं चुप। पहाड़ मुझे देखता है। मैं पहाड़ को। पहाड़ अपने आप में गुम। मैं अपने आप में। पहाड़ कुछ कहना चाहता है। नहीं कह पाता। मैं कुछ सुनना चाहता हूँ। नहीं सुन पा रहा। उसकी ज़बान कुछ कहती है। मेरे कान नहीं सुन पाते। पहाड़ की आँखें ख़ामोशी से कुछ गाने लगती हैं। मेरी आँखें सुनने लगती हैं। पहाड़ का ख़ामोश संगीत बरसने लगता है। बारिश खिड़की के अंदर आ चुकी है। मैं पूरी तरह से भीग चुका हूँ। फिर भी ख़ामोश हूँ। ख़ामोशी गीत सुन रही है। पहाड़ गा रहा है। मैं भीग रहा हूँ। भीगते-भीगते गलने लगता हूँ। बूँदे बन गया हूँ। बूँदे पहाड़ पे बरसने लगीं। टप टप टप। झम झम झम। पहाड़ खुश होने लगा। मुस्कुराने लगा। बूँदे सुर्मई रंग में हँसने लगी। मैं मुस्कुराने लगा। पहाड़ ने पहली बार ज़बान खोली।
देास्त वर्षों से यह ख़ामोश खिड़की देखता हूँ। देखता हूँ खिड़की के पार की मेज। मेज के उस पार की एक जोड़ी आँखें। आँखों के उस पार पहाड़। निचाट नंगी चटटानों का पहाड़। जिसमें कभी कोई झरना नहीं बहता। कोई नदी नाला नहीं बहता। कभी हरियाली नहीं पनपती। दोस्त तुम इस पहाड़ के साथ-साथ जी रहे हो। या तुम भी एक पहाड़ ही हो।
मैं बरसने लगता हूँ। ज़ोर-ज़ोर से। मेज भीगने लगी। खिड़की भीगने लगी। पहाड़ घबड़ाने लगा मैं सिसकने लगा। मैं सिसकन बन गया। सिसकन शब्द बन गये। शब्द बूँदे बनती रहीं। बूँदे बरसती रहीं। बूँदे पहाड़ पे गिरने लगी। पहाड़ आश्वस्त हुआ। पहाड़ सुनने लगा।
दोस्त दुखी मत हो। तुमने तो सही कहा। तुमने वही पूछा जो तुमने देखा। जो जाना। जो महसूसा। सचमुच मैं भी एक पहाड़ हूँ। निचाट पहाड़। नंगी चट्टानों का। बिना झरने का। बिना हरियाली का  पर मैं हमेशा ऐसा नहीं था। मैं एक इंसान था। मेरी आँखों में भी झरने बहते थे। मासूम झरने। कभी मेरी पीठ पर भी उम्मीद के जंगल उगा करते थे। हरे भरे। उस जंगल में पेड़ थे चीड़ के देवदार के अशोक के महुआ महोगनी के और न जाने किस-किस के। जंगल घना था पर डराता न था। झाड़ियाँ थी नागफनी की, देवदर की, बाँस की, बेर की, बेशरम की, घनी-घनी पर उलझाती न थीं। जानवर थे शेर, चीता, भालू, हाथी वे हिंसक थे पर पेट भरने तक। बेहद ठंडी ख़ामोशी थी पर उसमें संगीत रहता। झींगुरों का सूँ सूँ सूँ; भँवरो का हूँ हूँ हूँ; कोयल की कूँ कूँ कूँ। उसी जंगल में मेरी मुहब्बत भी रहती थी। हिरनी जैसी आँखें। मासूम। रंग चंपई। गाल गुलाब। जुल्फें आबनूस। वह कुलाँचे भरती मेरी पीठ पर। गाना गाती कोयल सी। मैं मुस्कुराता वह खिलखिलाती। मैं उसे पकड़ता वह भागती। झाड़ियों में छुप जाती। मैं उसे पुकारता वह न बोलती। मैं घबराता उसे ढूँढता जगह-जगह। अचानक बादलों के धूप सी खिलती। मुझसे लिपट जाती। बरगद और बेल। दोनों खुश हो जाते।
पहाड़ ने अपनी साँसें रोक लीं। ध्यान से सुनने लगा। मैं भी कहता रहा -
वह भी एक खूबसूरत सुबह थी। सूरज ने ताजा दम होकर अपने पंख फैला दिये थे। चिड़ियाँ घोंसलों से निकल-निकल दाना-दुनका की तलाश में जा चुकी थी। जानवर अपने-अपने खोह और बिलों से निकल-निकल शिकार की तलाश में जा चुके थे। नदी-नाले अपनी रफ़तार से बह रहे थे। मैं और मेरी मुहब्बत दोनों खुश थे। अठखेलियाँ कर रहे थे। फल-फूल और कंदमूल खा रहे थे। हाथों में हाथ लिये जंगल-जंगल घूम रहे थे। नदी-नाले पार कर रहे थे तभी न जाने क्यों हम लोगों को जंगल पार करने का खयाल आया और हम रास्तों के लिये जंगल झाड़ियाँ काटने लगे। पगडंडिया बनाने लगे। आगे बढ़ने लगे। और एक जगह आकर जंगल विरल होने लगा। झाड़ियाँ कम होने लगी। संगीत बिखरने लगा। हम लोग ठिठक कर रुक गये। वहीं से दूर-दूर तक का नज़ारा देखने लगे।  दूर एक चमकती सी वस्तु दिखायी पड़ी। जिसे पहले कभी देखा न था। जाना न था। सुना न था। हम दोनों उस चमकती चीज़ को ध्यान से देखने लगे धीरे-धीरे मेरी आँखें चुंधियाने लगी। मुहब्बत की आँखें चमकने लगी। मैं घबराने लगा। वह खुश होने लगी। कहने लगी उसे वही चमकती चीज़ चाहिये। मैंने उसे समझाना चाहा वह चमक खतरनाक हो सकती है। वह हमारी दुश्मन भी हो सकती है। पर वह न मानी। मेरे मना करने पर ताना कसने लगी। नाराज़ हो गयी। हार कर, मैंने उसे वह जंगल के मुहाने पे छोड़ उस चमकती चीज़ को लाने चल दिया।
मैं चलने लगा। आगे बढ़ने लगा। आगे और आगे। धीरे-धीरे आँखों से ओझल होने लगी मेरी मुहब्ब्त - मासूम और खूबसूरत। ओझल होने लगा जंगल घना और हरा भरा।
रास्ता। मीलों लम्बा। न कोई ओर न कोई छोर। दूर चमकती चीज़ आकर्षित कर रही थी। मैं दौड़ने लगा। तेज़ और तेज़। मैं हाँफने लगा। पसीने-पसीने हो गया। पर बढ़ता रहा, बढ़ता रहा। अब तक रास्ते के दोनों ओर एक और जंगल उग आया था। जंगल कंक्रीट का जिसमें टेढ़े मेढ़े रास्ते थे। घने और भीड़ से भरे। जिसमें मेरे जैसे न जाने कितने और लोग भी दौड़ रहे थे। हाँफ रहे थे। चमकती चीज़ के लिये। पर वह चमकती चीज़ हर बर हमारे हाथों से दूर हो जाती। कभी हाथों में आके फिसल जाती, कभी मुठठी से अपने-आप गायब हो जाती। पर हर नाकामयाबी के बाद फिर पूरी ताकत से उसके पीछे भागने लगता। अजब माहौल था आँख मिचौली का। कभी मंज़िल रास्ता बन जाता कभी रास्ता मंज़िल। कभी वही रास्ता जंगल बन मेरी पीठ पे सवार हो जाता। फिर वह जंगल बाज़ार बन जाता। बाज़ार भीड़ बन जाता। भीड़ भागती भीड़। चमकती चीज़ के पीछे भागती भीड़। मैं बाज़ार को अपनी पीठ पे लादे भागता रहता। तेज़ और तेज़ और तेज़।  पसीना माथे से चू पैर तक आ गया था। मैं थकने लगा था। कदम लड़खड़ाने लगे थे। फिर भी बढ़ता जा रहा था। और एक दिन थोड़ी सी चमक पा ही ली। मैं खुश हो गया। नाचने लगा। पागल हो गया। पीठ पर ही जगंल लादे, बाज़ार लादे, भीड़ लादे वापस चल दिया। जंगल की तरफ़। अपनी मुहब्बत की तरफ़।
पहाड़ ने अपनी साँसे रोक लीं। मैं आगे कहता रहा -
पर दोस्त। जब वापस आया तो न वहाँ पर जंगल था। और नहीं मेरी मुहब्ब्त। सिर्फ़ एक पहाड़ था। निचाट पहाड़। मीलों लम्बा। जिसके ऊपर उग आया था मेरी पीठ वाला बाज़ार। अब सिर्फ़ मैं हूँ। बाज़ार है और यह निचाट पहाड़। बिना झरने का, बिना हरियाली का पहाड़। पर अभी भी मैं एक इंसान हूँ। सिर्फ़ एक इंसान। जिसे तलाश है अपनी मुहब्ब्त की। अपने जंगल की हरे भरे जंगल की।
 मेरे चुप होने के पहले ही पहाड़ सिसकने लगा। मैं हैरान। पूछा -  
मेरी कहानी सुन तुम क्यों उदास हो। तुम क्यों रो रहे हो।
यह सुन पहाड़ की सिसकन हिचकियाँ बन गयीं। हिचकियाँ बूँदे बन गयी बूदें बादल बन गये। बादलों ने मुझे बाँहों में ले लिया। बादल दुलराने लगे। हवा जुल्फ़ें सँवारने लगी। पहाड़ कहने लगा। मैं सुनने लगा..
दोस्त, तुम मेरे दोस्त ही नहीं तुम मेरे बेटे हो। तुमने मेरी ही गोद में आँखें खोली है। मेरी ही पीठ पे तुम बड़े हुए हो। यही तुम्हारी मुहब्बत भी परवान चढ़ी है। जिस दिन तुम उस चमकीली चीज़ के पीछे जा रहे थे। उस दिन मैं तुमको रोकना चाहता था। पर क्या करता मैं मजबूर था। क्योंकि मैं तो तुम्हारी तरह इंसान न था। तुम्हारी भाषा मुझे नहीं आती थी। और तुम्हें मेरी। मैं तुम्हें बताना  चाहता था। मादा हमेशा से हर चमकती चीज़ की तरफ़ आकर्षित होती रही है। मादा के उकसाने पे ही नर चमक के पीछे भागने लगता है। और भागते-भागते  मृगमरीचका में फँस दुखी होता रहता है। और फिर नर के दुखी होने से मादा भी दुखी होती है। उस दिन भी यही हुआ। तुम अपनी मुहब्बत के उकसाने में मृगमरीचका की तलाश में चल दिये।  और इधर तुम्हारी मुहब्बत बरसों तक तुम्हारा इंतज़ार करती रही। रोज़ सुबह सूरज उगते ही जंगल के मुहाने पे आ तुम्हारा इंतज़ार करती। शाम अँधेरा होते होते निराश हो जंगल में लौट जाती। मुझसे उसकी उदासी न देखी जाती पर मैं भी मजबूर था। और एक दिन जब उसका धैर्य जवाब दे गया तो वह भी तुम्हें ढूँढने चल दी। और आज तक वापस नहीं आयी। कुछ लोग कहते हैं कि वह पागल स्त्री आज कल राजधानी की बदनाम गलियों में खड़ी हो तुम्हारा इंतज़ार करती है। कुछ लोग कहते है कि कुछ लोगों ने शहर की सड़कों पे उसकी नोची खुसोटी हुयी लाश को देखा था।
यह कह के पहाड़ चुप हो गया। एक मुर्दा ख़ामोशी के साथ।  मैं बूँद बूँद रिस रहा था बादलों के बाँहों से पहाड़ की गोद में।
खिड़की अभी भी खुली थी। मेज के ठीक सामने। आफिस में।
12,12,2003
आफिस। मेज के ठीक सामने की खिड़की आज भी खुली है। पहाड़ भी, उसी तरह खड़ा है। हर रोज़ सा। पर, पहाड़ चुप है। कई दिनों से। चुप पहले भी रहता था। पर अक्सर ख़ामोशी बतियाती थी। पौधों के हिलने से, हवाओं के चलने से, चिड़ियों के चहकने से, बादलों के गरजने से। पहाड़ ही नहीं पूरी कायनात चुप है। सूरज अपनी रोशनी फैला धीरे-धीरे हाँफ रहा है। किन्तु किरणों में वह तेज़ी नहीं है। जो होनी चाहिये। छोटी से छोटी पत्तियों ने भी अपनी हरकतें बंद कर रखी है। सफेद बादलों ने दूर कहीं आसमान में अपना मुखड़ा छुपा रखा है। जो बिन पानी के रुई के फाहों से दूर कहीं उड़ते चले जा रहे हैं। ख़ामोशी से।
पहाड़ मुझे देखता है। मैं पहाड़ को। पहाड़ चुप है। मैं चुप। पहाड़ अंदाज़ा लगा रहा है। मैं क्या सोच रहा हूँ। मैं अंदाज़ा लगाता हूँ वह क्या सोच रहा होगा। मेरी आँखें पहाड़ की आँखों को देखती है। पहाड़ की आँखें मेरी आँखों को। दो चाहने वाले आँखों ही आँखों में एक दूसरे को सब कुछ बता देना चाहते हों। कह देना चाहते हों। साँस-साँस एक हो जाना चाहते हों। जब काफी देर हो गयी तो आज भी पहाड़ ने ही चुप्पी तोड़ी।
दोस्त- मैं देखता हूँ तुम अक्सर इसी तरह ख़ामोश घंटों मुझे देखते रहते हो। बिना कुछ बोले। आखिर तुम मेरी इन नंगी पथरीली चट्टानों में क्या खोजते रहते हो। इन घने पेड़ों के बीच तुम्हें क्या दिखायी पड़ता है। या इन हवाओं में कौन सा संगीत सुनायी देता रहता है।
पहाड़ यह कह चुप हो गया। मैं फिर भी मुस्कुराता हूँ। मन ही मन शब्दों को स्वरूप देने लगता हूँ। बात कहाँ से शुरू करूँ। पहाड़ मेरे उत्तर का इंतज़ार कर रहा है। मैं बोलने लगा- पहाड़ सुनने लगा –
दोस्त - मैं देखता हूँ। तुम वर्षों से खड़े हो। इसी जगह इसी तरह। बिना हिले, बिना डुले। न कहीं आना न कहीं जाना। तूफ़ान आया और चला गया। बरसात आती है चली जाती है। बसंत आता है चला जाता है। पतझड़ आता है चला जाता है। पर तुम यूहीं खड़े रहते हो। बिना कुछ बोले, बिना कुछ कहे। क्या तम्हें कभी किसी से कोई शिकायत नहीं रहती। क्या कभी किसी बात पे खुश नहीं होते। नाराज़ नहीं होते। क्या तुम्हारे अंदर कोई दिल नहीं धड़कता। क्या तुम सिर्फ़ पत्थर हो निर्जीव बेजान।
पहाड़ की मुस्कुराहट कहीं खो गयी। शायद दुखी हो गया। शायद यादों में खो गया। शायद कुछ सोचने लगा। शायद मेरी तरह शब्दों को एक तारतम्य देने लगा। पर मैं इन सभी उहापोह से निर्विकार उत्तर की प्रतीक्षा में उसे देखता हूँ। सन्नाटा हमेशा की तरह, बिन रुके अपना संगीत बिखेर रहा है साँय-साँय। शावक रोशनी से डरे अपनी खोहों में या झाड़ियों में छुपे हैं। कुछ गिलहरियाँ पत्तियों में छुपी हैं। एक नज़दीक के पेड़ की डाल पे बैठी बटन सी आँखों से टुकुर-टुकुर ताक रही है। अचानक झाड़ियों में कूदी और खड़खड़ की आवाज़ हो कर शांत हो गयी। तभी पहाड़ ने अपने शब्द हवा में उछाले। मेरे कान व पहाड़ के शब्द गलबहियाँ करने लगे।
दोस्त - यह सही है। मैं यहीं और इसी जगह खड़ा हूँ वर्षों से सदियों से न जाने कब से। हो सकता है  जब पृथ्वी ने जनम लिया हो तब से। यह भी सच है कि मैं पत्थर हूँ। पर यह भी सच है  मेरे अंदर भी दिल है जो धड़कता है इन मासूम शावको में गिलहरियों में चिड़ियों में हिरणों में इन छोटे व बड़े सभी जानवरों में। सूरज हँसता है तो मैं भी हँसता हूँ। चाँद मुस्कुराता है तो मैं भी मुस्कुराता हूँ। हवाएँ चलती हैं तो मैं गाता हूँ। फूल खिलते हैं तो मैं गुनगुनाता हूँ। बतियाता हूँ इन भँवरों से इन कलियों से इन सितारों से इन अँधेरी रातों से। पर दोस्त, अफसोस- तुम यह सब देख ही नहीं पाते हो। क्योंकि तुम बोझ से दबे हुए हो। क्योंकि तुम्हारी नज़रें झुकी हुयी हैं। क्योंकि तुम्हारी पीठ पर एक और पहाड़ उग आया है। क्योंकि तुम्हारी नज़रें साफ-साफ नहीं देख पार ही हैं। क्योंकि अभी भी तुम बाज़ार के मोह-जाल से नहीं निकल पा रहे हो। क्योंकि तुम्हारी नज़रें अभी भी उस चमकीली चीज़ की रोशनी में चुंधिया रही हैं। जिसको पाने की लालसा में अपनी मुहब्बत खो बैठे हो। अपना सुख शांति सभी कुछ खो बैठे हो। शायद तुम्हें न याद हो पर यह सच है जब तक तुम मेरी गोद में हँसते थे, खेलते थे, अठखेलियाँ करते थे, तब तक तुमने कभी भी ऐसा सवाल नहीं किया था। क्योंकि तब तक तुम भी इस पहाड़ का हिस्सा थे। इन पेड़ों में तुम्हारी जान बसती थी। इन मासूम जानवरों के दिलों में तुम बसते थे। इन चट्टानों को जिन्हें तुम अब पत्थर कहते हो उनपे बैठ घंटों तारों को निहारते थे। हवाओं को महसूसते थे। तुम अपने आप को इन नज़ारों इन फिजाओं से अलग नहीं समझते थे। अपने आपको इस प्रकृति का हिस्सा समझते थे। तब तक तुम कभी इस तरह की बाते नहीं करते थे। मेरी नज़रें अपराधी की तरह झुक गयीं। पहाड़ उलाहना देता ही रहा दोस्त जंगल छोड़ने के बाद से, पहाड़ छोड़ने के बाद से तुमने तो हम लोगों से नाता ही तोड़ लिया था। तुम अपने आप में खोते चले गये अपनी सभ्यता के नशे में चूर होते गये। तुम्हें लगा तुम तो इस बेजान पहाड़ से भी बड़े हो। तुम खुदा से भी बड़े हो। तुम आकाश से भी ऊँचे हो। पर यहीं तुम चूक गये। तुम भूल गये कि प्रकृति से बड़ा तो कुछ भी नहीं होता न दुख न सुख न पाप न पुण्य न घर न बाहर न सभ्यता न संस्कृति। तुम अपने अभिमान में हम सभी की उपेक्षा करने लगे। धीरे-धीरे हम लोगों से दूर होते चले गये दूर होते चले गये। और एक दिन तुमको मैं सिर्फ़ एक पहाड़ नज़र आने लगा। हवाओं को पौधों के हिलने का प्रतिफलन समझने लगे। जानवरों को अपने भोजन व उपयोग की चीज़ समझने लगे। पूरे जंगल को अपने बाज़ार का कच्चा माल समझते रहे फिर भी तुम्हारी तमाम उदासीनता व बर्बरताओं के बावजूद मैं चुप रहा। गवाह बना रहा, देखता रहा तुम्हारे हर एक हर काम को जिन्हें तुम आज भी उपलब्धियाँ कहते हो। पर, मुझे पूरा विश्वास था। एक दिन ज़रूर तुम लौट के आओगे और फिर इन पत्थरों में अपना सर पटकोगे, रोओगे, पछताओगे। गिड़गिड़ाओगे। पर तब तक बहुत देर हो चुकी होगी। तुम्हारे लिये लौटना आसान न होगा।
मेरी आँखों से टप टप आँसू बरसने लगे। आँखों के आगे धुँधलापन छाने लगा पहाड़ अस्पष्ट होने लगा। मैंने कुहनी मेज पे रख हथेलियों से चेहरे को ढक लिया। पहाड़ के उलाहनों से बचने के लिये कान बंद कर लिये। फिर भी पहाड़ के शब्द रिस-रिस के कानों में पड़ रहे थे।
दोस्त - मैं यह नहीं कहता कि तुम अपनी पीठ पे लदे इस बाज़ार को कुएँ में फेंक दो या कि सभ्यता की इन गौरी-शंकर चोटियों को यूँ ही भुला दो या आग के हवाले करदो। पर इतना ज़रूर कहना चाहूँगा कि कम से कम उन जड़ों को तो मत काटो जिनका तुम हिस्सा हो। हो सकता है तुम्हें याद हो या न याद हो पर तुम्हारे पूर्वज ऐसे न थे। वे भी सभ्यता के पुजारी थे पर उन्हे एहसास था अच्छी तरह मालूम था कि आदमी, पेड़, पहाड़, जंगल, जानवर सभी कुछ एक हैं। सभी कुछ उस प्रकृति का हिस्सा है जिसमें परमपिता परमेश्वर की भी अलग से कोई सत्ता नहीं है। यदि हम एक अंग की उपेक्षा करते हैं तो दूसरे की अपने आप हो जाती है। यदि एक अंग को काटते हैं तो दूसरे पे उसका प्रभाव ज़रूर पड़ेगा। इसी लिये वे प्रकृति की हर छोटी से छोटी व बड़ी से बड़ी चीज़ को एक कर के देखते थे। और इसीलिये लकड़ी काटने के पहले पेड़ की पूजा करते थे। पहाड़ पे सड़क बनाने के पहले पूजा करते थे। गाय, भैंस, बैल, नाग सभी को वह या तो देवता मान पूजते या देवताओं का वाहन मान आदर देते थे। शायद तभी वो लेाग आधुनिक कहे जाने वालों से ज्यादा सुखी व संतुष्ट थे।
डबडबाई आँखों से पहाड़ को देख रहा था। पहाड़ कुछ पसीजने लगा-
दोस्त अभी भी देर नहीं हुई है। बस ज़रूरत है अपनी भूल को मान के फिर से प्रकृति को अपना दोस्त समझो और प्रकृति के बीच उसी की तरह पूरी मासूमियत से रहना सीखो। जल्दी ही एक बार फिर तुम्हें मैं पहाड़ नहीं अपना दोस्त नज़र आने लगूँगा। फिर से, तुम मेरी बातें समझने लगोगे। मैं ही नहीं यह पेड़ पैाधे नदी नाले सभी तुम्हें रिझाने लगेंगे। ये सभी तुम्हारे साथ-साथ गायेंगे, नाचेंगे, झूमेंगे।
यह कह पहाड़ चुप हो गया। अब तक मेरी आँखों के आँसू भी थम चुके थे। सब कुछ साफ-साफ नज़र आने लगा था। उधर सूरज हँसता हुआ पहाड़ों के पीछे अपनी आरामगाह में जा रहा था। बादल दोबारा पहाड़ों के पीछे से निकल काले काले मेघ बन आसमान पे छा रहे थे। हवा उसी तरह सन्नाटे में गीत बुन रही थी। पत्तियाँ पेड़ पर हिलने लगी थी। गिलहरी फिर से झाड़ियों से निकल टहनी पे बैठ टुकुर-टुकुर ताक रही थी। मेरी तरफ़ - दोस्ती के लिये। खिड़की के बाहर आकर मैंने गिलहरी की तरफ़ दोस्ती का हाथ बढ़ाया। खुशी  से गिलहरी फुदकती हुयी दोबारा झाड़ियो में कूद गयी।
मैं मगन। पहाड़ खुश।

No comments:

Post a Comment