होम | रोज़नामचा | कविताएँ | कहानियाँ | विचार | ज्योतिष | लेखक

Wednesday, 1 April 2026

दुनिया बहुत जल्दी में है

 दुनिया बहुत जल्दी में है


1.

दुनिया बहुत जल्दी में है

इतनी जल्दी

कि

रुककर

अपनी ही धड़कन नहीं सुनती।


2.

मैंने

लोगों को भागते देखा है

बिना यह जाने

कि

उन्हें पहुँचना कहाँ है।


3.

घड़ियाँ

अब समय नहीं बतातीं

बस

हड़बड़ी का हिसाब रखती हैं।


4.

एक बच्चा

धीरे-धीरे चल रहा था

किसी ने कहा, “जल्दी करो!”

और

उस दिन

उसकी चाल में

बचपन कम हो गया।


5.

मैंने

एक बूढ़े को देखा

जो धीरे-धीरे

अपनी साँसें गिन रहा था

दुनिया

उसे पीछे छोड़कर

आगे निकल गई।


6.

यहाँ

सब कुछ तेज़ है

सड़कें,

सपने,

रिश्ते

बस

ठहराव

सबसे पीछे छूट गया है।


7.

लोग

खुशियाँ भी

जल्दी-जल्दी मनाते हैं

जैसे

दुःख कहीं

इंतज़ार कर रहा हो।


8.

किसी के पास

समय नहीं है

पर

सबके पास

थकान बहुत है।


9.

ज़िन्दगी

कोई दौड़ नहीं थी

हमने ही

उसे रेस बना दिया।


10.

मैंने

कई लोगों को

मंज़िल पर पहुँचते देखा

पर

उनकी आँखों में

रास्ता नहीं था।


11.

दुनिया बहुत जल्दी में है

और मैं

थोड़ा-सा ठहर गया हूँ


शायद

यही

मेरी सबसे बड़ी

जल्दी है।


मुकेश ,,,,,,,,,

No comments:

Post a Comment