चिड़िया के जाने के द
चिड़िया के जाने के बाद
उसके चले जाने पर पता चलता है कि ख़ाली जगह भी कभी-कभी कितनी आबाद होती है।
आज सुबह वह चिड़िया नहीं आई।
खिड़की खुली थी,
किताब भी मेज़ पर उसी जगह रखी थी,
धूप ने भी रोज़ की तरह
पन्नों पर अपना सफ़र शुरू कर दिया था।
बस वह नहीं थी।
मैंने दो-तीन बार
बिना किसी वजह के खिड़की की तरफ़ देखा,
फिर किताब के पन्ने पलटे,
मगर पढ़ने में मन नहीं लगा।
कल जहाँ वह बैठी थी,
वहाँ एक बहुत छोटा-सा निशान था
शायद उसके पंजों का,
या शायद मेरी कल्पना का।
मैंने उँगली से उसे छूकर देखा।
सोचा,
कितनी आसानी से हम
किसी की मौजूदगी के आदी हो जाते हैं,
बिना यह जाने कि वह हमारे लिए
क्या है और हम उसके लिए क्या।
दोपहर तक कई बार
बाहर पंखों की आवाज़ सुनाई दी,
हर बार लगा शायद वही होगी,
लेकिन हर बार कोई दूसरी चिड़िया निकली।
शाम को किताब बंद करते हुए
एक पन्ने के बीच
सूखा हुआ नीम का पत्ता मिला।
याद नहीं, कब रखा था।
उसे निकालकर मेज़ पर रख दिया।
कुछ देर तक देखता रहा।
फिर खिड़की की तरफ़ गया
और बाहर झाँका।
पेड़ की एक डाल ख़ाली थी।
मैंने खिड़की बंद नहीं की।
मुकेश
किसी के लौटने की उम्मीद में दरवाज़ा खुला रखना भी एक तरह का रिश्ता है—भले ही दूसरी तरफ़ किसी को इसकी ख़बर न हो।
Comments
Post a Comment